एटीएम के कैश डिस्पेंसर में स्केल लगाकर ग्राहकों के हडपे 37 हजार, शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात पर केस दर्ज
बहराइच। इंडियन बैंक की जरवल कस्बा ब्रांच के एटीएम में कैश डिस्पेंसर के पास काले रंग की स्केल लगाकर बदमाश ने ग्राहकों के 37 हजार रुपये निकाल लिए। ग्राहकों की शिकायत पर शाखा प्रबंधक की जांच में मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड थानाक्षेत्र के जरवल कस्बा में हाइवे के किनारे इण्डियन बैंक की शाखा है। बैंक का एटीएम शाखा के बाहर लगा हुआ है।अज्ञात बदमाश द्वारा एटीएम मशीन में कैश डिस्पेंसर पर काले रंग का स्केल जैसा पदार्थ लगा देता,जिससे कैश निकालने जाते ग्राहक की नकदी एटीएम मशीन में अटक जाती। ग्राहक के एटीएम से बाहर निकलने के कुछ देर बाद बदमाश एटीएम परिसर में घुस जाते और स्केल हटाकर एटीएम से पैसे निकाल लेते। बदमाश ने 25 जनवरी को 10 हजार, 09 मार्च को 2 हजार व 10 हजार,30 मार्च को 2 हजार व 3 हजार तथा 10 अक्टूबर को 10 हजार रुपये ग्राहकों के निकाल लिए।
बैंक के ग्राहकों की शिकायत पर शाखा प्रबंधक चन्द्र भान सिंह की जांच में मामले का खुलासा हुआ।थानाध्यक्ष जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात बदमाश के विरुद्ध बीएनएस की धारा 319(2),318(4) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के शिनाख्त की जा रही है।
