हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में,आला कत्ल लाठी बरामद, देहात पुलिस की कार्रवाई
बहराइच। कोतवाली देहात पुलिस ने मारपीट के दौरान युवक की मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल लाठी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमे में मृतक नन्द कुमार पुत्र राम मनोरथ के साथ आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप था। मारपीट के दौरान लाठी से गंभीर चोट लगने के कारण नन्द कुमार की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काजी हाउस पुरवा मोड़ के पास से आरोपी विश्राम पुत्र मिलन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त एक अदद लाठी बरामद की गई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर रसूलपुर मोड़ पुलिया के पास से अन्य आरोपी मंजित, राम कुमार एवं भदई को गिरफ्तार किया गया। एक बाल अपचारी को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराते हुए नियमानुसार हिरासत में लिया गया है। बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

