वायरल वीडियो मामले में खैरीघाट पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर की शान्ति भंग की कार्यवाही
बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र की बैबाही पुलिस चौकी अंतर्गत रामपुर बाजार में एक दुकानदार के साथ कथित तौर पर हुई मारपीट और दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए शांति भंग की आशंका में कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि बैबाही पुलिस चौकी क्षेत्र के रामपुर बाजार स्थित अमन पोरवाल की दुकान में कुछ लोगों के घुसकर हंगामा और दबंगई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
बैबाही चौकी इंचार्ज शशी प्रताप ने बताया कि दुकानदार अमन की तहरीर के आधार पर दिलदार, समसुद्दीन, रईश और मो. हनीफ, निवासी रामपुर धोबियाहार, थाना खैरीघाट के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में भी कार्रवाई की है।
चौकी इंचार्ज ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और किसी भी व्यक्ति के साथ दबंगई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी क्षेत्र में अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

