भृगु एक्सप्रेस में सीट को लेकर मारपीट, जीआरपी ने 10 युवकों को किया गिरफ्तार
बलिया। भृगु एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कुल 10 युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 22427 भृगु एक्सप्रेस के जनरल कोच में प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर सीट को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मौके पर पहुंची जीआरपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष से शशि कुमार, रविन्द्र राजभर, सनूप राजभर, रामप्रवेश राजभर और पंकज खरवार शामिल हैं, जो बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष से विमलेश यादव, धन्नू यादव, मंजीत यादव, विवेक कुमार गुप्ता और अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जीआरपी की कार्रवाई के बाद मामले में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

