धर्मांतरण कराने के आरोप में तीन लोगों पर मुकदमा, दो गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
बहराइच। लोगों को कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप में जरवलरोड पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामला जरवलरोड थाना क्षेत्र के तप्पेसिपाह मजरा गुलामपुरवा गांव का है। गांव निवासी रामकुमार दास पुत्र शत्रोहन प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि राधेश्याम गुप्ता पुत्र मोहनलाल गुप्ता, निवासी नई बाजार तप्पेसिपाह, दिनेश यादव पुत्र सूर्यलाल, निवासी गुलामपुरवा तथा रामवृक्ष पुत्र सियाराम, निवासी अटवा चहलुवा, आसपास के लोगों को ईसाई धर्म के बारे में बताकर तथा विभिन्न प्रकार के कथित प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त गतिविधियों का आसपास के लोगों और हिंदू समाज पर अनुचित प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ धर्मांतरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रामवृक्ष यादव और दिनेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों के कॉल डिटेल्स समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले से और कितने लोग जुड़े हैं तथा क्या किसी अन्य व्यक्ति का धर्म परिवर्तन कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल जांच के दौरान किसी व्यक्ति ने ईसाई धर्म स्वीकार करने की पुष्टि नहीं की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

