246 ग्रामीण आशाओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू

0
IMG-20241107-WA0005
Spread the love

बहराइच । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा भेजे गए निर्देशों के आधार पर जनपद में वर्ष 2025-26 के लिए 246 नई ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के पदों को मंजूरी मिल गई है। इस संबंध में प्राप्त स्वीकृति को 29 अगस्त 2025 को हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में भी अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि ब्लॉकवार मिली स्वीकृतियों के अनुसार एक माह के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयन पूरी तरह नियमों और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा, ताकि समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा सके।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डीसीपीएम मोहम्मद राशिद ने बताया कि विगत वर्षों में शासनादेश के तहत कार्य प्रणाली को सुचारु बनाने के उद्देश्य से आशा एवं आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यक्षेत्र को एकरूप किया गया था। इस व्यवस्था के बाद जनपद में प्रति आँगनबाड़ी वार 246 ग्रामीण आशा क्षेत्रों के पद रिक्त पाए गए थे। इसी आधार पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा भेजे गए निर्देशों के अनुरूप वर्ष 2025-26 के लिए जनपद में 246 नई ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के पदों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
जिसके अनुसार ब्लॉक जरवल में 12, कैसरगंज 10, फखरपुर 20, तेजवापुर 15, महसी 17, शिवपुर 25, मोतीपुर 20, नवाबगंज 20, बलहा 30, रिसिया 20, चित्तौरा 22, पयागपुर 5, विशेश्वरगंज 15 तथा हुजूरपुर में 20 पद स्वीकृत किए गए हैं। डीसीपीएम ने बताया कि सभी स्वीकृत पदों की जानकारी पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित ब्लॉकों के सीएचसी अधीक्षक या बीसीपीएम से संपर्क कर सकते हैं।

इसके अलावा एनआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर ब्लॉकवार स्वीकृत पदों का पूरा विवरण उपलब्ध है, जिसे अभ्यर्थी देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्वीकृति मिलते ही चयन प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!