थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं,नानपारा में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को भूमि विवादों का मौके पर निस्तारण करने के निर्देश
बहराइच। शनिवार को कोतवाली नानपारा में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को जनशिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कहा कि शिकायतों की जांच गंभीरता से करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उनमें आवश्यक आख्या और अभिलेख संलग्न कर प्रकरण तत्काल संबंधित अधिकारी को भेजे जाएं, ताकि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।
अप्राकृतिक दुष्कर्म के दोषी को 20 साल का कठोर कारावास
भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखें, जिससे फरियादियों को समय से न्याय मिल सके।
जनपद के अन्य थानों पर भी थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। विभिन्न सर्किलों के क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के थानों में पहुंचकर जनशिकायतें सुनीं और पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, उपजिलाधिकारी नानपारा, क्षेत्राधिकारी नानपारा, कोतवाली नानपारा के थानाध्यक्ष समेत पुलिस और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।