झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से किशोरी की मौत,शव को पीएम के लिए भेजा
बहराइच। सोमवार देर शाम झोलाछाप डाक्टर के इलाज से किशोरी की मौत हो गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
लखनऊ बहराइच हाइवे पर लखनऊ हास्पिटल नाम से एक प्राइवेट अस्पताल चल रहा है,जिसका संचालन प्रमोद मौर्या नामक ब्यक्ति कर रहा है। जरवलरोड थानाक्षेत्र के आगापुर बदईपुर निवासी जगतराम ने अपनी पुत्री शिवानी (12) की तबीयत बिगडने पर इलाज के लिए लखनऊ बहराइच हाइवे स्थित जरवल पुलिस चौकी के बगल लखनऊ हास्पिटल में भर्ती कराया।
परिजन का आरोप है कि गलत इंजेक्शन और दवा देने के कारण बच्ची की हालत बिगड गई,जिससे उसकी मौत हो गई। हास्पिटल संचालक ने अपने लोगों की मदद से किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुस्तफाबाद भेजवाया,जहां इमरजेंसी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुस्तफाबाद के अधीक्षक डाक्टर कुंवर रीतेश ने बताया कि किशोरी को मृत अवस्था में लाया गया था।
प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय प्रसाद ने बताया कि प्रकरण में जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
