एडीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई गेहूॅ खरीद कार्य की समीक्षा बैठक
बहराइच। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत संचालित गेहूॅ खरी की समीक्षा हेतु शुक्रवार को देर शाम कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी/जिला खरीद अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन करते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 08 क्रय संस्थाओं के 177 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। जनपद हेतु निर्धारित क्रय लक्ष्य 63500 मीट्रिक टन के सापेक्ष अब तक 3359 किसानों से 22227.59 मीट्रिक टन गेहूॅ खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 35 प्रतिशत है।
जिला खरीद अधिकारी द्वारा समस्त जिला प्रबंधकों को निर्देश दिये गये कि सम्बन्धित संस्था के अनुमोदित गेहूं क्रय केन्द्रों पर तेजी से गेहूं खरीद करायी जाये एवं कृषकों को अधिक से अधिक समर्थन मूल्य का लाभ दिलाया जाये। श्री कुमार ने निर्देश दिया कि कृषकों को उनके द्वारा बेची गई उपज का तेजी से भुगतान भी कराया जाये। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद शासन की महत्वपूर्ण योजना में सम्मिलित है, जो सीधे कृषक के हित से जुड़ी है। जनपद के किसी भी गेहूं कय केन्द्र पर किसानो को अपना गेहूं विक्रय करने में कोई परेशानी न होने पायें।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी क्रय केन्द्र प्रभारी इस बात विशेष ध्यान रखेंगे कि किसी भी क्रय केन्द्र पर किसी भी दशा में बिचौलियों के माध्यम से खरीद न होने पाये। किसी भी क्रय केन्द्र पर कोई अनियमितता प्रकाश में आती है तो सम्बन्धित केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। जिला प्रबंधकों को निर्देश दिये गये कि क्रय एजेन्सियों पर केन्द्र प्रभारी सहित सभी कार्मिकों की समयबद्धता के साथ उपस्थिति दर्ज करायी जाये तथा शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार के आने वाले किसानों से गेहूॅ की खरीद सुनिश्चित करें। गेहूॅ क्रय कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होगी।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक यू.पी.एस.एस., प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम के प्रतिनिधि, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति बहराइच, जिला प्रभारी नेफेड, जिला प्रभारी एनसीसीएफ, जिला प्रबंधक पी.सी.एफ. एवं पी.सी.यू. के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
