दस हजार रुपये रिश्वत लेते दरोगा को एंटीकरप्शन टीम ने दबोचा
बहराइच।एंटी करप्शन टीम ने उप निरीक्षक अमर पटेल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिसके बाद पुलिस महकमे हड़कंप मच गया।मंगलवार दोपहर को गोंडा जिले के नवाबगंज थाने में तैनात उप निरीक्षक अमर पटेल को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार करके ले गई। अंदरखाने से खबर है कि आरोपित दरोगा के विरुद्ध वजीरगंज थाने में विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
दरोगा ने मुकदमे से नाम निकालने के लिए पीड़ित से मांगी थी रकम
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के रहने वाले युवक ने 23 दिसम्बर को चार-पांच लोगों के खिलाफ घर-चढ़ कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस में शिकायत किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी, इस दौरान आरोपी दरोगा ने थाना क्षेत्र के विश्नोहरपुर गांव के मजरे गड़ेरियन पुरवा के रहने वाले बृजेश यादव का मुकदमे से नाम निकालने के लिए रिश्वत की मांग की थी। लेकिन, बृजेश यादव रिश्वत नहीं देना चाहता था, ऐसे में उसने एंटी करप्शन टीम में शिकायत दर्ज कर दी।
शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क करने के बाद आरोपी दरोगा को रिश्वत की रकम देने के लिए ब्लॉक परिसर में बुलाया था, जहां छद्म भेष में पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए दरोगा को दबोच लिया लिया।
