एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने पकड़ा अवैध बालू से भरा ट्रक
बहराइच । तहसील कार्यालय नानपारा में जनसुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के मोबाइल पर सुबह लगभग पूर्वान्ह 10ः00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि नानपारा में गल्ला मंडी के पास शिवपुर रोड पर एक अवैध रूप से रेत/बालू से भरा ट्रक खड़ा है। शिकायत की गम्भीरता को देखते हुए एसडीएम ने पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के साथ मौके पर पहुंच कर देखा कि बालू से लदा हुआ एक ट्रक यू.पी. 40-टी-4813 रेत उतार रहा था।
एसडीएम व सी.ओ. द्वारा ट्रक चालक से बालू से संबंधित आवश्यक कागजात मांगने पर चालक द्वारा कोई कागजात नहीं दिखाए गए। एसडीएम ने उक्त ट्रक को थानाध्यक्ष नानपारा को सुपुर्द करते हुए जिला खनन अधिकारी बहराइच को दूरभाष पर निर्देशित किया कि तत्काल तहसील नानपारा आकर ट्रक में भरी बालू की जांच कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। एसडीएम की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कप मच गया। एसडीएम ने बताया कि किसी भी दशा में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। भविष्य में भी राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें निरन्तर भ्रमणशील रहकर अवैध खनन तथा परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करती रहेंगी।
