बिहार में बड़ा रेल हादसा टला,महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, इंजन समेत 3 कोच पटरी से उतरे
आरा/विहार।बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन आज सुबह करीब 4:10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। दिल्ली के लिए रवाना होते ही ट्रेन गलत सिग्नल के कारण सासाराम लाइन की ओर चली गई और स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन में पटरी से उतर गई।
इस हादसे में ट्रेन का इंजन, SLR और H-1 कोच पटरी से उतर गया। रेलवे का कहना है कि एक कोच का सिर्फ पहिया उतरा है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से मुख्य दिल्ली-हावड़ा रूट बुरी तरह प्रभावित हो गया। वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, गरीब रथ और इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें घंटों लेट हुईं।
घटना के बाद DRM और दानापुर मंडल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक व सिग्नल सिस्टम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सिग्नल में तकनीकी गड़बड़ी की बात सामने आ रही है। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद डिरेल कोचों को वापस ट्रैक पर चढ़ाया गया।

