राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने की शिष्टाचार भेंट
नई दिल्ली। राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा शंखनाद न्यूज लाइव टीवी चैनल के संपादक हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सनातन संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा, गुरुकुल शिक्षा, गौसेवा, सामाजिक सेवा और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर सार्थक चर्चा हुई।
शुक्ला ने संगठन की ओर से संचालित 50 गुरुकुल, 57 गौशालाओं और 587 संस्कार शालाओं की जानकारी दी। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं संस्कार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 501 गुरुकुल स्थापित करने के संकल्प से भी अवगत कराया।
भेंट के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 21 जरूरतमंद कन्याओं के अक्टूबर तथा 51 कन्याओं के नवंबर में विवाह कराने की प्रस्तावित सेवा योजना पर भी चर्चा हुई। शुक्ला ने कहा कि युवाओं को संस्कार, सेवा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने गुरुकुल परंपरा के श्रेष्ठ मूल्यों को आधुनिक शिक्षा के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

