रक्षाबंधन पर एसएसबी जवानों से जुड़ा स्थानीय समाज, बच्चियों व महिला पुलिसकर्मियों ने बांधी राखी
सिद्धार्थनगर। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सिद्धार्थनगर में शुक्रवार को रक्षा बंधन का पावन पर्व पूर्ण हर्षोल्लास, उमंग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्मर्षि बावरा सिद्धार्थ विद्यापीठ आश्रम जगमोहनी सिद्धार्थनगर की बच्चियों तथा महिला थाना सिद्धार्थनगर की महिला कार्मिकों ने वाहिनी के अधिकारियों,अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान बच्चियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने सीमा सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों के प्रति सम्मान,स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके सुख,समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
वहीं, जवानों ने भी बच्चियों एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कार्मिकों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले जवानों और समाज के बीच इस प्रकार के आयोजन आपसी जुड़ाव एवं विश्वास को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ राष्ट्र सेवा, सामाजिक एकता, आपसी प्रेम एवं सौहार्द का संदेश दिया गया।रक्षा बंधन के इस आयोजन ने एसएसबी जवानों और स्थानीय समाज के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करते हुए सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना को नई मजबूती प्रदान की।

