फीस के नाम पर लाखों रुपये लेकर कूटरचित शैक्षणिक दस्तावेज देने का आरोपी गिरफ्तार
बहराइच। थाना रामगांव पुलिस ने फीस के नाम पर लाखों रुपये लेकर कूटरचित शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के मामले में वांछित नन्दा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस एंड टेक्नालॉजी के प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ सुरेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पुरैना वाजिद निवासी रवि प्रताप ने पुलिस अधीक्षक बहराइच को प्रार्थना-पत्र देकर नन्दा इंस्टीट्यूट में विद्यार्थियों से फीस के नाम पर लाखों रुपये लेने और कूटरचित शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर थाना रामगांव में मुकदमा अपराध संख्या 301/2026 के तहत धारा 419, 420, 467 व 468 भादवि में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ सुरेन्द्र राठौर पुत्र दीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नन्दा इंस्टीट्यूट, नानपारा रोड, तैबाजोत में प्राचार्य है और मूल रूप से धनावा थाना खैरीघाट का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना रामगांव में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिवाकर तिवारी, उपनिरीक्षक हेमन्त कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मैनेजर सिंह समेत थाना रामगांव के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

