कला उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा,20 विद्यालयों के 175 विद्यार्थियों ने 12 विधाओं में किया प्रतिभाग
बहराइच। बाल शिक्षा निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज में जनपदीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित कला उत्सव की इस वर्ष की थीम “विकसित भारत-वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना” रही। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में 20 विद्यालयों के 175 विद्यार्थियों ने 12 विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शास्त्रीय नृत्य में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अचौलिया की राशि सिंह, लोकनृत्य में बाल शिक्षा निकेतन की गरिमा किंजल व अर्पिता, लोकगीत में स्तुति, अविका, अर्पिता व आयुषी, अनवद्ध वाद्य में चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज के दिव्यांशु त्रिवेदी, नाटक में बाल शिक्षा निकेतन की पलक, हिमाद्री, निहारिका व निलाक्षी समेत विभिन्न प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी एवं अभिभावक मौजूद रहे। जनपदीय नोडल सुरभि शर्मा एवं मुक्तेश्वर पोद्दार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

