कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में एडीजी जोन ने की समीक्षा बैठक
बहराइच। पुलिस लाइन सभागार में जनपद की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुथा अशोक जैन, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा की गई। बैठक में अमित पाठक पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा, विश्वजीत श्रीवास्तव पुलिस अधीक्षक बहराइच, आयुष विक्रम सिंह अपर पुलिस अधीक्षक नगर, दुर्गा प्रसाद तिवारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, कन्दर्पेश द्विवेदी ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनपद के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क, सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह, हुड़दंग अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर तत्काल कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त, पैदल भ्रमण, मोबाइल पुलिस टीमों की सक्रियता तथा आवश्यकता अनुसार सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया।
नाबार्ड द्वारा वित्तपोषित FPO किसान मार्ट का उद्घाटन सम्पन्न
बैठक में अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए हत्या, लूट, चोरी, महिला अपराध, पॉक्सो अधिनियम एवं एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित मामलों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, समय से चार्जशीट प्रेषण, घटनाओं के सफल अनावरण एवं पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट एवं निरोधात्मक कार्यवाही को सख्ती से लागू करने हेतु निर्देशित किया गया।
अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरूद्ध होगी प्रवर्तन की कार्यवाही
अभिसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल संज्ञान लिया जाए तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखते हुए सोशल मीडिया सेल को पूर्णतः सक्रिय रखने तथा किसी भी आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री के प्रसारण पर तत्काल विधिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर चिन्हित अवैध कब्ज़ों को हटाने की कार्यवाही में तेजी लाये: डीएम
बैठक में न्यायालय में विचाराधीन अभियोगों की प्रभावी पैरवी एवं अभियोगों के त्वरित निस्तारण के संबंध में भी विस्तृत समीक्षा की गई। अभियोजन अधिकारियों से नियमित समन्वय स्थापित कर अभियोगों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा “ऑपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत लंबित अभियोगों में अधिक से अधिक सजा दिलाए जाने हेतु थाना स्तर पर नामित पैरवी अधिकारियों की सक्रिय मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही गवाहों की समयबद्ध उपस्थिति, प्रदर्शों के समय से प्रस्तुतिकरण, जमानत निरस्तीकरण की प्रभावी पैरवी एवं न्यायालयीन कार्यवाही में गुणवत्तापूर्ण समन्वय बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा जनपद स्तर पर अभियोजन एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित कर विधिक जानकारी एवं न्यायालयीन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाए जाने पर भी बल दिया गया।
एएसपी नगर ने कोतवाली नगर,देहात एवं दरगाह थाने का किया औचक निरीक्षण
बैठक में नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग की भी समीक्षा की गई। महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी हेतु सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने, यक्ष ऐप एवं ई-साक्ष्य के अधिकतम प्रयोग तथा डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला हेल्प डेस्क, महिला बीट पुलिसिंग एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध, मिसिंग पर्सन एवं महिला संबंधी शिकायतों में त्वरित पंजीकरण एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय द्वारा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त भ्रमण कर स्थानीय स्तर पर संभ्रांत व्यक्तियों, शांति समिति के सदस्यों एवं आमजन से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिससे क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं जनविश्वास बना रहे। महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि बिना अनुमति किसी भी नई परंपरा अथवा पूर्व निर्धारित व्यवस्था में किसी प्रकार का परिवर्तन न किया जाए। साथ ही कंट्रोल रूम को पूर्णतः सक्रिय रखते हुए प्रत्येक सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने एवं क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमणशील रहकर स्थानीय स्तर पर संवाद बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
जनपद बहराइच की अंतरराष्ट्रीय सीमा नेपाल राष्ट्र से जुड़ी होने के दृष्टिगत महोदय द्वारा जनपद के समस्त पांच सीमावर्ती थानों सुजौली, नवाबगंज, मोतीपुर, रूपईडीहा, मुर्तिहा के थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान महोदय द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी, अवैध घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त एवं भ्रमणशील रहकर संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा एसएसबी एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त चेकिंग अभियान निरंतर संचालित किया जाए। इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों, व्यापारियों एवं अन्य संभ्रांत व्यक्तियों से सतत संवाद स्थापित कर खुफिया सूचनाएं संकलित किए जाने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
विकास कार्यों में सभासदों की भूमिका महत्वपूर्ण-मुकुट विहारी वर्मा
बैठक के अंत में समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण अनुशासन, जवाबदेही एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय द्वारा कहा गया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल साझा करें तथा आमजन को प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु प्रेरित करें। ड्यूटी के दौरान समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
