कांवरियों के लिए जगह-जगह भंडारे का हुआ आयोजन
बहराइच। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। घाघराघाट पुलिस चौकी पर आयोजित भंडारे का शुभारंभ संजय यादव तथा घाघराघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित भंडारे का शुभारंभ तप्पेसिपाह के ग्राम प्रधान उमेश गुप्ता ने भगवान शिव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही भंडारा स्थल पर श्रद्धालुओं और कांवरियों की भीड़ जुटने लगी। आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने श्रद्धा भाव से कांवरियों को प्रसाद वितरित किया और उनकी सेवा में जुटे रहे।
आयोजन के दौरान कांवरियों के स्वागत और सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने भोलेनाथ के जयकारों के साथ कांवरियों का स्वागत किया। सावन के अंतिम सोमवार पर जगह-जगह हुए भंडारों से क्षेत्र में पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने इस तरह के आयोजनों को धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का प्रतीक बताया।

