अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत
बहराइच।जरवलरोड थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात और रविवार दोपहर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसों की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
शनिवार देर रात जिला गोंडा के ग्राम सकरौरा निवासी 25 वर्षीय रुकैया अपने पति मुईद के साथ बाइक से जरवलरोड की ओर आ रही थीं। इसी दौरान लखनऊ बहराइच मार्ग अलीनगर मोड के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रुकैया गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्राम बरवलिया के पास हुआ। बरवलिया घाट नासीरगंज निवासी 60 वर्षीय राम नरेश पुत्र बच्चू लाल यादव साइकिल पर घास लेकर मुख्य मार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राम नरेश को 108 एंबुलेंस से मुस्तफाबाद सीएचसी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहनों की तलाश कर रही है।

