सेवानिवृत्त 14 रेलकर्मियों को समापक देयों का भुगतान, चार कर्मचारियों को मिली पदोन्नति
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में सोमवार को सेवानिवृत्त होने वाले विभिन्न विभागों के 14 रेलकर्मियों को उनके समापक देयों का भुगतान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित प्रेमचंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने की। इस दौरान लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी रेलकर्मियों ने लंबे समय तक निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ रेलवे की सेवा की है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद मिले धन को सुरक्षित रखने और डिजिटल फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें तथा ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
उन्होंने बताया कि कार्मिक विभाग की तत्परता से सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त हुए चार पदों पर वरीयता क्रम के पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र प्रदान किया गया। प्रयागराज रामबाग में मुख्य टिकट निरीक्षक के पद पर शर्वेन्द्र कुमार शर्मा, छपरा में वरिष्ठ तकनीशियन पद पर मु. अफजल खां, वाराणसी में मुख्य नर्सिंग अधीक्षक पद पर रेखा वर्मा तथा कप्तानगंज में कार्यालय अधीक्षक पद पर अरुण कुमार को पदोन्नति दी गई।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आईकार्ड, सेवा प्रमाणपत्र, पीपीओ, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
सेवानिवृत्त होने वालों में राजकुमार, अश्वनी कुमार, सुधीर कुमार तिवारी, सुनील कुमार श्रीवास्तव, शंकर प्रसाद सिंह, महेन्द्र यादव, अशोक चन्द्र, अनिल कुमार शर्मा, दिलीप कुमार सिंह, रमेश, एस. रानी चौधरी, कैसर, हरिशंकर और अनिल कुमार सिन्हा शामिल रहे।

