31अगस्त से नेपालगंज-नानपारा-बहराइच रूट पर शुरू होगा ट्रेनों का संचालन
बहराइच। बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रेल लाइन के अमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद जिले की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने जा रही है। 56.15 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के अमान परिवर्तन पर कुल 341.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें 236.22 करोड़ रुपये सिविल कार्य, 43.33 करोड़ रुपये एसएंडटी तथा 62.11 करोड़ रुपये विद्युत कार्यों पर खर्च हुए हैं।
अमान परिवर्तन एवं विद्युतीकरण के बाद 31 अगस्त से इस रेलखंड पर रेल संचालन शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है।
ब्रॉडगेज रेल लाइन और प्रस्तावित एवं स्वीकृत प्रमुख ट्रेनों के संचालन से बहराइच की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। वाराणसी और गोंडा जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने से आवागमन के साथ व्यापार, रोजगार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी नया बाजार मिलने की संभावना है। लंबे समय से बहराइच को बेहतर रेल सुविधा से जोड़ने की मांग अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।